23-May-2024

 राजकाज न्यूज़ अब आपके मोबाइल फोन पर भी.    डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लीक करें

मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया को दिशा दिखाएगा भारत - शिवराज सिंह चौहान

Previous
Next

भोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। शिवराज सिंह चौहान लगातार देशभर में घूमकर लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दूसरे दिन भी बुधवार को दिल्ली की दो लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। पूर्व सीएम ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आयोजित दलित महा सम्मेलन में शिरकत की और चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, स्वामी विवेकानंद जी कहते थे तुम केवल साढ़े तीन हाथ के हाड़-मांस के पुतले नहीं हो, तुम अमृत के पुत्र हो, ईश्वर के अंश हो, अनंत शक्तियों के भंडार हो और अमर आनंद के भागी हो। दुनिया में कोई ऐसा काम नहीं है जो तुम न कर सको। उन्होंने कहा कि, हम संकल्प लें कि, हम केवल इसलिए नहीं हैं कि एक सरकार बने, हम अपने देश के निर्माण के लिए हैं।

केजरीवाल भ्रष्ट बीज हैं

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि, हमने दुर्गा सप्तशती में पढ़ा है कि, रक्त बीज था, युद्ध में जहां-जहां उसका खून गिरता था उस खून की एक बूंद से और एक रक्त बीज राक्षस पैदा हो जाया करता था। वह रक्त बीज थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल तो भ्रष्ट बीज हैं, जहां-जहां उनकी पार्टी जीतती है वहां-वहां भ्रष्टाचार का तंत्र ही खड़ा हो जाता है। केजरीवाल ने दिल्ली को कितना लूटा, कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि, अन्ना हजारे के आंदोलन की उपज, केजरीवाल, शराब घोटाले में शामिल होंगे। वह शराब ऐसी जिसने लोगों की जिंदगी तबाह कर दी।
पीओके हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, पाकिस्तान ने हमला किया था, जम्मू-कश्मीर पर हमारी सेनाएं बहादुरी के साथ लड़ रहीं थीं, अगर 3 दिन और युद्ध विराम नहीं होता तो पीओके होता ही नहीं, सारा का सारा कश्मीर हमारा होता। कांग्रेस और पंडित जवाहर लाल नेहरू जी ने पाप किया और युद्ध विराम कर दिया और पीओके पाकिस्तान में रह गया। आज भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि, अब पीओके हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे, वो भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि, ये एतिहासिक भूल, अपराध और पाप है जो पंडित जवाहर लाल नेहरू जी ने किया। क्या-क्या नहीं किया, एक देश में 2 निशान 2 विधान, 2 प्रधान कौन लेकर आया। कश्मीर हमारा था हम लोग नारे लगाते रहे एक देश में 2 निशान, 2 विधान, 2 प्रधान नहीं चलेंगे लेकिन कांग्रेस ने ये पाप किया और धारा 370 लगा दी। मैं प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी को प्रणाम करता हूँ कि, उन्होंने एक झटके में धारा 370 खत्म करके एक देश से 2 निशान, 2 विधान, 2 प्रधान हटा दिए।
कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भगवान राम की जन्मभूमि आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ, रामलला विराजमान हुए, बहनें घरों में दीपक जला रही थी, आंगन में रंगोली सजा रही थी, नौजवान भगवा पताकाएं लहरा रहे थे, हर कोई रामलाल के दर्शन करने आतुर था, पूरा देश आनंद उत्सव में डूबा हुआ था लेकिन केवल एक पार्टी कांग्रेस रो रही थी। आयोध्या का अंसारी परिवार जिसने पूरी जिंदगी कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और प्राण-प्रतिष्ठा में भाग लिया। निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने लिखित में कहा कि, हम नहीं जाएंगे मुहूर्त खराब है। अंसारी परिवार तक प्राण-प्रतिष्ठा में चला गया लेकिन कांग्रेस नहीं गई। अब तक जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने भगवान का राम का विरोध किया था। कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है, विनाशकाले विपरित बुध्दि और इसलिए कांग्रेस के विचारवान नेता देश के विकास के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
Previous
Next

© 2012 Rajkaaj News, All Rights Reserved || Developed by Workholics Info Corp

Total Visiter:26944182

Todays Visiter:7386